सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बहरवा गांव के वार्ड नंबर 7 में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट में अमित रजक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। परिजनों के अनुसार, अमित रजक रोज की तरह पोखर के पास अपनी गाय-भैंस बांधने के बाद दोपहर में खाना खाने के लिए घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। बताया जा रहा है कि अमित का आरोपितों के साथ पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा बढ़ गया और मारपीट शुरू हो

Featured Image

गई। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान पिस्टल दिखाकर धमकाया गया और लाठी-डंडों से हमला किया गया। हमले में अमित रजक को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सलखुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा भेज दिया। परिवार का कहना है कि करीब छह महीने पहले भी अमित के साथ मारपीट की घटना हुई थी। अब इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस और प्रशासन से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की और 24 घंटे के अंदर पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है। पूरे मामले पर हेडक्वार्टर डीएसपी धीरेंद्र पांडेय ने भी जानकारी दी है।