सहरसा में 11 हजार वोल्ट का तार टूटा, तीन मवेशियों की मौत | आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-107 किया जाम सहरसा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बिजली विभाग की लापरवाही और जर्जर बिजली तारों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। जलय थाना क्षेत्र के थनवार गांव के वार्ड नंबर 2 में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार अचानक टूटकर जमीन पर गिर गया। तार की चपेट में आने से तीन मवेशियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे में अरुण राय की एक गाय और दो बछड़े करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार में मातम का माहौल है। वहीं, हादसे की खबर फैलते ही

Featured Image

बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और बिजली विभाग के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बिजली के तार काफी समय से जर्जर हालत में हैं। इन तारों को बदलने और मरम्मत कराने को लेकर कई बार बिजली विभाग से शिकायत की गई, लेकिन इसके बावजूद समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विभाग ने पहले ही जर्जर तारों को दुरुस्त कर दिया होता, तो इस तरह का हादसा टाला जा सकता था। मुआवजे की मांग और बिजली विभाग की कथित लापरवाही के विरोध में ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने NH-107 को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित किया। अब ग्रामीणों की मांग है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और गांव में जर्जर बिजली तारों को जल्द से जल्द बदला जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।