सहरसा वार्ड 18 में सड़क-नाला निर्माण पर विवाद! शिलापट लगा, निर्माण को लेकर उठे सवाल सहरसा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 स्थित संत नगर में सड़क और नाला निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मनोज सिंह के घर से लेकर राजेंद्र दास के घर तक सड़क और नाला निर्माण के लिए शिलापट लगाया गया, लेकिन मौके पर निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया। इसी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के नाम पर शिलापट लगाए जाने के बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। वहीं, सड़क पर जलजमाव की

Featured Image

समस्या भी बनी हुई है। बारिश या पानी जमा होने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों ने इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत किए जाने की बात कही है। मामले की शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से किए जाने के बाद सोमवार दोपहर उपनगर आयुक्त जांच के लिए संत नगर पहुंचे। जांच के दौरान उपनगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम की ओर से सड़क निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था। इसी दौरान पूर्व विधायक डॉ. आलोक रंजन द्वारा सड़क का निर्माण करा दिया गया था। इसके कारण नगर निगम की ओर से पूरी सड़क का निर्माण नहीं कराया जा सका और केवल बचे हुए हिस्से में ही निर्माण कार्य किया गया। अधिकारी के अनुसार जितना निर्माण हुआ, उतनी ही राशि का आवंटन किया गया है। उपनगर आयुक्त ने यह भी कहा कि शिलापट पर नाम गलत अंकित हो गया है, जिसे जल्द ही बदल दिया जाएगा। हालांकि, अब स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब पूरी सड़क का निर्माण नहीं हुआ, तो शिलापट क्यों लगाया गया? इस मामले को लेकर वार्ड पार्षद का बयान भी सामने आया है। स्थानीय लोग अब इस मामले की शिकायत सहयोग पोर्टल और लोक शिकायत केंद्र में करने की तैयारी में हैं। सड़क, नाला, जलजमाव और निर्माण कार्य से जुड़े इस पूरे विवाद में आखिर सच्चाई क्या है, जानने के लिए देखिए Saharsa Now की खास ग्राउंड रिपोर्ट।