बाढ़ में 4 मौत से हड़कंप! मछली-शराब पार्टी के बाद बिगड़ी तबीयत, जहरीले पेय का शक पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव के सैदपुर टोला से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां चार लोगों की एक साथ मौत के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि रविवार को चारों युवक एक साथ पार्टी कर रहे थे। पार्टी में मछली और रोटी बनाए जाने की बात सामने आई है और कथित तौर पर शराब का भी सेवन किया गया था। पार्टी के कुछ ही देर बाद चारों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। देखते ही देखते चारों बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय

Featured Image

अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पटना के PMCH रेफर किया गया, लेकिन पटना ले जाने के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया। चार लोगों की अचानक मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर मौत की वजह क्या थी? स्थानीय स्तर पर जहरीली शराब या किसी जहरीले पेय पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक मौत की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्टों के मुताबिक, जिस स्थान पर पार्टी हुई थी, वहां से मछली, रोटी और शराब की बोतल मिलने की बात सामने आई है। लेकिन केवल शराब की बोतल मिलने से यह साबित नहीं होता कि मौत जहरीली शराब पीने से हुई। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और जरूरत पड़ने पर मेडिकल व फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी बेढ़ना गांव पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने अधिकारियों से मामले की जानकारी लेते हुए निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की जांच जारी है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर है, जिससे चारों मौतों की असली वजह सामने आने की उम्मीद है। वीडियो में देखिए बाढ़ की इस पूरी घटना की जानकारी और जानिए आखिर चार लोगों की मौत का राज क्या है।