सहरसा में खुला दूसरा EV चार्जिंग स्टेशन, अब इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलेगी चार्जिंग की सुविधा सहरसा जिले के तिरी स्थित पूजा फ्यूल पंप में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए नए ईवी चार्जिंग स्टेशन पॉइंट का शुभारंभ किया गया है। यह सहरसा जिले का दूसरा ईवी चार्जिंग स्टेशन बताया जा रहा है। इस चार्जिंग स्टेशन के शुरू होने से इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को अपने वाहनों को चार्ज करने के लिए एक और सुविधाजनक स्थान मिल सकेगा। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत फीता काटकर की गई। इस मौके पर सहरसा के जिलाधिकारी दीपेश कुमार, डीडीसी गौरव कुमार, डीटीओ पदाधिकारी सुरजीत बरनवाल, एसडीएम

Featured Image

श्रेयांश तिवारी सहित कई अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे। चार्जिंग स्टेशन के उद्घाटन के बाद इलेक्ट्रिक वाहन चालकों ने अपने वाहनों को चार्ज कर नई सुविधा का लाभ भी उठाया। अधिकारियों की मौजूदगी में चार्जिंग स्टेशन की शुरुआत को सहरसा में इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल और वैकल्पिक ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि आने वाले समय में इलेक्ट्रिक, सीएनजी और अन्य वैकल्पिक ईंधन का इस्तेमाल बढ़ेगा। उन्होंने सौर ऊर्जा के महत्व पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा या किसी अन्य परिस्थिति में जब बिजली संकट जैसी स्थिति सामने आती है, तब सौर ऊर्जा एक महत्वपूर्ण विकल्प और वरदान साबित हो सकती है। सरकार की ओर से इलेक्ट्रिक वाहनों और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की कोशिशों के बीच सहरसा में ईवी चार्जिंग स्टेशन की संख्या बढ़ना वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। इससे जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है और भविष्य में चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार भी हो सकता है।