सहरसा में स्वास्थ्य सुविधाओं को लोगों के घर तक पहुंचाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने एक नई पहल शुरू की है। 2 सितंबर से अगले 90 दिनों तक घर-घर जाकर लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य खासकर ग्रामीण क्षेत्रों और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आसान बनाना है। इसी को लेकर सहरसा सदर अस्पताल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपेश कुमार, डीडीसी गौरव कुमार, सिविल सर्जन डॉ. राज नारायण प्रसाद, डीपीएम शिल्पी कुमारी, डीएस एस.के. आजाद समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Featured Image

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान स्वास्थ्य विभाग की इस नई पहल से जुड़ी विस्तृत जानकारी अधिकारियों को दी गई। इस दौरान जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि अगले 90 दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों के घर तक पहुंचेंगी और वहां निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराएंगी। इस अभियान के तहत लोगों की स्वास्थ्य स्थिति की जांच की जाएगी। यदि जांच के दौरान किसी व्यक्ति में गंभीर बीमारी के लक्षण पाए जाते हैं, तो उसे बेहतर और आवश्यक इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। घर-घर स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने की यह पहल उन लोगों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिन्हें अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी होती है। ग्रामीण इलाकों के बुजुर्गों, जरूरतमंद परिवारों और स्वास्थ्य सुविधाओं से दूर रहने वाले लोगों को इससे लाभ मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि अगले 90 दिनों के इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें कितने लोगों तक पहुंचती हैं और इस पहल का जमीनी स्तर पर कितना असर दिखाई देता है।