बिहार में एक बार फिर सियासी हलचल तेज है। इस बार फोकस विधानसभा चुनाव पर नहीं, बल्कि बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव पर है। पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में NDA के घटक दलों के नेताओं की अहम बैठक हुई, जिसमें चुनावी तैयारी, संगठनात्मक तालमेल और साझा रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा समेत NDA के अन्य नेता मौजूद रहे। इन 8 सीटों में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शामिल हैं। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना एवं परिणाम घोषित किए

Featured Image

जाएंगे। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर है। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। NDA की ओर से बीजेपी और JDU ने चार-चार उम्मीदवार उतारे हैं। JDU ने पटना स्नातक से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा, सारण शिक्षक से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक से घनश्याम राय को उम्मीदवार बनाया है। वहीं बीजेपी ने पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक से नरेंद्र कुमार सिंह को मैदान में उतारा है। दूसरी ओर जन सुराज ने सभी 8 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है, जबकि RJD के नेतृत्व वाले विपक्ष ने भी कई सीटों पर प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। इन चुनावों में सामान्य विधानसभा मतदाता नहीं, बल्कि संबंधित स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के पंजीकृत मतदाता मतदान करते हैं। अब नजर 23 अक्टूबर के मतदान और 27 अक्टूबर की मतगणना पर रहेगी।