सुपौल में शिक्षा के मुद्दे को लेकर राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार के रुख को अपनी राजनीतिक जीत बताते हुए शहर में विजय जुलूस निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता शामिल हुए। विजय जुलूस की शुरुआत जिला कांग्रेस कार्यालय से हुई। इसके बाद कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लेकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचे। पूरे रास्ते कार्यकर्ताओं ने शिक्षा, छात्र हित और विभिन्न जन मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जुलूस के दौरान सुरक्षा

Featured Image

व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस भी तैनात रही। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राज नारायण गुप्ता ने कहा कि छात्रों, युवाओं और शिक्षा के अधिकार से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता की आवाज और लोकतांत्रिक आंदोलन के कारण सरकार को अपने रुख पर पुनर्विचार करना पड़ा। उन्होंने इसे लोकतंत्र और जनशक्ति की जीत बताया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, भर्ती एवं परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और कांग्रेस आगे भी जनहित के सवालों को मजबूती से उठाती रहेगी। इस मौके पर कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने शिक्षा, युवाओं के अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। सुपौल से जुड़ी हर बड़ी खबर और ताजा अपडेट के लिए जुड़े रहें Saharsa Now के साथ।