सहरसा में शनिवार की शाम एक ठेकेदार को गोली मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। घटना सहरसा के पशुपालन कॉलोनी की बताई जा रही है, जहां गोली लगने से घायल ठेकेदार को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल व्यक्ति की पहचान सहरसा नगर निगम के वार्ड नंबर 12 निवासी 54 वर्षीय दिनेश प्रसाद यादव के रूप में हुई है। दिनेश प्रसाद यादव सहरसा में सरकारी भवनों से जुड़े ठेकेदारी के कार्य करते हैं। फिलहाल उनका इलाज सदर अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। घटना को लेकर घायल के पुत्र हरितेश कुमार ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6:30 बजे उत्पाद विभाग की टीम पशुपालन कॉलोनी पहुंची थी। टीम ने शराब माफिया के खिलाफ

Featured Image

छापेमारी की और कार्रवाई के बाद वहां से चली गई। हरितेश कुमार के अनुसार, उनके घर के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्पाद विभाग की टीम के जाने के बाद रोशन कुमार नामक व्यक्ति ने उन पर गुप्त सूचना देकर छापेमारी करवाने का आरोप लगाया और इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि रोशन कुमार अपने कुछ साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे दिनेश प्रसाद यादव को गोली मार दी गई, जिससे उनके दाहिने हाथ के बाजू में गोली लगी। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।