सुपौल नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर-13 में सोमवार की सुबह भीषण अगलगी की घटना सामने आई। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और तीन घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की तेज लपटों के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 बजे स्वर्गीय टूटू साह और उनके दो बेटों के घरों में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि आग बुझाने में काफी परेशानी हुई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उनकी तत्परता के कारण आग को आसपास के दूसरे घरों तक

Featured Image

फैलने से रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। इस भीषण अगलगी में घरों के अंदर रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और रोजमर्रा के जरूरत का सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित परिवारों के अनुसार, आग की इस घटना में तीन लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग बुझने के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने और भोजन की समस्या खड़ी हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री, भोजन और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर नुकसान का आकलन भी किया जा सकता है। सुपौल में हुई इस भीषण अगलगी की पूरी घटना, आग से हुए नुकसान और पीड़ित परिवारों की परेशानी से जुड़ी हर जानकारी के लिए देखिए Saharsa Now की यह रिपोर्ट।