सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में कांवरिए पवित्र गंगाजल भरने के लिए मुंगेर के छर्रा पट्टी रवाना हुए। श्रद्धालुओं के पहुंचते ही पूरा रेलवे स्टेशन बोल-बम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। स्टेशन का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। कांवरिए रंग-बिरंगे कपड़ों में सजकर ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और अन्य साधनों से रेलवे स्टेशन पहुंचे। इनमें महिला, पुरुष और बच्चों की भी बड़ी संख्या शामिल रही। ट्रेन के आने की घोषणा होते ही प्लेटफॉर्म पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी। ट्रेन के पहुंचते ही उसमें सवार होने के लिए कांवरियों में उत्साह देखने को

Featured Image

मिला। भीड़ अधिक होने के कारण स्टेशन पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कांवरियों की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ और जीआरपी के जवानों के साथ स्थानीय पुलिस की भी तैनाती की गई थी। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ाने, प्लेटफॉर्म पर व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाई। खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया। कांवरिए ट्रेन से मुंगेर के छर्रा पट्टी पहुंचकर गंगा स्नान करेंगे और पवित्र गंगाजल भरेंगे। इसके बाद गंगाजल लेकर वापस सिमरी बख्तियारपुर लौटेंगे और बाबा मटेश्वर धाम की ओर प्रस्थान करेंगे। डाक बम, साधारण कांवरिया और मोटरसाइकिल बम के रूप में श्रद्धालु बाबा मटेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। सावन के पावन महीने में कांवरियों की भारी भीड़ और बोल-बम के जयकारों से सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन का वातावरण श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा। प्रशासन की सतर्कता के बीच श्रद्धालुओं की यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से जारी रही।