सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। बाबा मटेश्वर धाम जाने वाले कांवरियों के जयकारों से पूरा रेलवे स्टेशन भक्तिमय नजर आया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मुंगेर के छर्रा पट्टी से पवित्र गंगाजल भरने के लिए विभिन्न ट्रेनों से रवाना हुए। श्रद्धालु रंग-बिरंगे कपड़ों में सजकर ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल से स्टेशन पहुंचे। ट्रेन के आने की घोषणा होते ही प्लेटफॉर्म पर कांवरियों की भीड़ बढ़ गई। ट्रेन के पहुंचते ही श्रद्धालुओं में सवार होने की होड़ देखने को मिली। इस दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन

Featured Image

पूरी तरह सतर्क रहा। मानसी एवं सहरसा आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सिमरी बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार और एएसआई अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने भीड़ को नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ाने की व्यवस्था संभाली। स्टेशन पर पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। श्रद्धालु बोल-बम और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए मुंगेर के छर्रा पट्टी पहुंचे। वहां गंगा स्नान करने के बाद श्रद्धालु पवित्र जल भरेंगे और वापस सिमरी बख्तियारपुर लौटेंगे। इसके बाद डाक बम, साधारण कांवरिया और मोटरसाइकिल बम बाबा मटेश्वर धाम के लिए रवाना होंगे। बताया गया कि मंदिर के कपाट रविवार मध्यरात्रि 12 बजे खोले जाएंगे। इसके बाद श्रद्धालु कतारबद्ध होकर बाबा मटेश्वर धाम में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करेंगे। सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। सिमरी बख्तियारपुर से चन्दन पासवान की रिपोर्ट।