सुपौल में कंगना रनौत के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन कर कार्रवाई की मांग सुपौल: भाजपा सांसद कंगना रनौत की कथित 'Gen-Z' (नई पीढ़ी) संबंधी टिप्पणी को लेकर सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन करते हुए कंगना रनौत का पुतला दहन किया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। शनिवार को त्रिवेणीगंज प्रखंड कार्यालय परिसर के मुख्य द्वार पर आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने किया।

Featured Image

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए भाजपा सांसद के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए लक्ष्मण कुमार झा ने आरोप लगाया कि कंगना रनौत ने 'Gen-Z' यानी नई पीढ़ी को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिससे देशभर के करोड़ों युवाओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि युवा देश के विकास, शिक्षा, रोजगार, तकनीक और सामाजिक परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति हैं, इसलिए उनके प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता। युवा कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मामले का संज्ञान लेने और कंगना रनौत के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही उन्होंने उन्हें सांसद पद से हटाने की भी मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो युवाओं के सम्मान की रक्षा के लिए आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इस विरोध-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय युवा मौजूद रहे। फिलहाल इस मामले पर भाजपा या कंगना रनौत की ओर से इस प्रदर्शन को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। रिपोर्ट: अख्तरुल इस्लाम, सुपौल | Saharsa Now