1) सहरसा में बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षक स्थानांतरण और समानुपातिकरण प्रक्रिया में सुधार की मांग उठाई है। प्रदेश अध्यक्ष जयराम शर्मा ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपकर कहा कि शिक्षकों से बिना राय लिए लिए जा रहे निर्णय व्यवहारिक नहीं हैं और इससे शिक्षकों में नाराजगी बढ़ रही है। वहीं प्रदेश सचिव अंजना सिंह ने ई-शिक्षा कोष ऐप में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए विभाग से शिक्षक संगठनों के साथ बैठक कर नई व्यवस्था लागू करने और शिक्षकों के हित में निर्णय लेने की मांग की।

Featured Image

2) सिमरी बख्तियारपुर विधायक संजय कुमार सिंह ने सलखुआ प्रखंड स्थित स्लुइस गेट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जलजमाव, बाढ़ की स्थिति और स्लुइस गेट की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पानी निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि किसानों और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान एसडीओ आलोक राय, बीडीओ बीरेंद्र कुमार, सीओ रवि कुमार, राजस्व अधिकारी सचिन आनंद सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। 3) सहरसा जिले के नगर पंचायत सौर बाजार के वार्ड संख्या 8 में अधूरा सड़क निर्माण लोगों की परेशानी का कारण बना हुआ है। नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से महीनों पहले शुरू हुआ निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। बारिश के कारण सड़क की स्थिति और खराब हो गई है, जिससे पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों ने जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग करते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की है। 4) सौर बाजार-पतरघट मुख्य सड़क मार्ग पर पुला घाट के पास सड़क किनारे कटाव होने से हादसे का खतरा बढ़ गया है। लगातार बारिश के कारण सड़क के नीचे बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय क्षतिग्रस्त हिस्सा दिखाई नहीं देता और कई वाहन दुर्घटना से बाल-बाल बच चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत कार्य कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके। 5) सहरसा के राजकीय पॉलिटेक्निक में नवप्रवेशित प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम का शुभारंभ किया गया। प्राचार्य प्रो. मिथुन कुमार ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, अनुशासन, नवाचार और नैतिक मूल्यों का महत्व बताया। इस दौरान छात्रों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, एंटी रैगिंग नियम, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना और विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। 6) सहरसा के सर्व नारायण सिंह राम कुमार सिंह महाविद्यालय में वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अनिरुद्ध कुमार के सेवानिवृत्त होने पर विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. डॉ. अशोक कुमार सिंह ने उन्हें पाग, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान डॉ. ममता कुमारी की पुस्तक फंडामेंटल ऑफ होम साइंस का भी विमोचन किया गया। वक्ताओं ने डॉ. अनिरुद्ध कुमार के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की। 7) सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड की मोहनपुर पंचायत में नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर जनजागरूकता सभा आयोजित की गई। समाजसेवी व मुखिया संजीव कुमार जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, पंचायत प्रतिनिधियों और जीविका दीदियों ने नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प लिया। सभा में लोगों ने नशे के कारोबार की सूचना प्रशासन को देने और गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि जनता और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से ही सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है। 8) सहरसा के राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सत्तरकटैया में हिंदी के महान कथाकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य डॉ. इंदु कुमारी ने की। उन्होंने कहा कि प्रेमचंद केवल साहित्यकार नहीं, बल्कि समाज सुधारक भी थे। इस अवसर पर शिक्षकों ने प्रेमचंद के साहित्य, सामाजिक न्याय और मानवीय मूल्यों पर प्रकाश डाला। छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मयंक भार्गव ने किया। 9) सहरसा के एमएलटी कॉलेज खेल मैदान में आयोजित दो दिवसीय श्रीव्यास गुरु पूर्णिमा महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न होने पर उत्सव समिति ने सभी श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों और मीडिया कर्मियों का आभार जताया। समिति के अनुसार महोत्सव में 60 से 70 हजार श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भव्य महाआरती और महाप्रसाद वितरण आकर्षण का केंद्र रहे। समिति ने बताया कि पूरे आयोजन के दौरान कोई अप्रिय घटना या चोरी की शिकायत नहीं मिली, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित साबित हुआ। 10) सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय गौरिया टोला में प्रधानाध्यापक शिवनंदन चौधरी के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीडीओ सह बीईओ मोहन कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने पाग, माला, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर प्रधानाध्यापक को सम्मानित किया। इस दौरान छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और भावुक माहौल में विदाई दी। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।