1) सहरसा पहुंचे पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी शैलेंद्र प्रसाद ने यार्ड रीमॉडलिंग परियोजना, बंगाली बाजार रेलवे फाटक और एप्रोच रोड का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीएओ शैलेंद्र प्रसाद ने सहरसा यार्ड रीमॉडलिंग कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे समय पर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि सहरसा–मानसी डबल लाइन परियोजना की टेंडर प्रक्रिया अगस्त तक पूरी होने की संभावना है, जबकि सुपौल–अररिया रेल लाइन परियोजना में भी तेजी लाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंगाली बाजार रेलवे फाटक संख्या-31 और एप्रोच रोड का भी जायजा लिया तथा फाटक को आगे शिफ्ट करने पर अधिकारियों से चर्चा की।

Featured Image

2) सहरसा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 333 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। यह कार्रवाई 29 जुलाई की शाम पस्तपार थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बोलेनो कार को रोककर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार सिंह और ओंकार कुमार के रूप में हुई है। मौके से 333 ग्राम स्मैक, एक बोलेनो कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। मामले में पस्तपार थाना कांड संख्या 89/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 3) नवहट्टा प्रखंड की चंद्रायन पंचायत में करोड़ों की लागत से बना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अब तक शुरू नहीं हो सका है। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की कमी से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। चंद्रायन पंचायत का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन तैयार होने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। पूर्व मुखिया संजीव कुमार ने अस्पताल का निरीक्षण कर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की तत्काल नियुक्ति की मांग की। उन्होंने चिकित्सकों के लिए आवास, सरकारी वाहन, दो एंबुलेंस और अस्पताल की बाउंड्रीवाल निर्माण की भी मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द अस्पताल चालू नहीं हुआ तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा। 4) सहरसा में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में समरसता दीपोत्सव का आयोजन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा के नेतृत्व में संत रविदास मंदिर में माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद भेड़धरी चौक स्थित हनुमान मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। नेताओं ने संत रविदास जी के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु शामिल हुए। 5) सिमरी बख्तियारपुर में एनएच-107 स्थित रानी बाग चौक पर रोजाना लगने वाले जाम से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।सिमरी बख्तियारपुर-सोनवर्षा राज मुख्य मार्ग पर रानी बाग के पास ई-रिक्शा और टेम्पो चालकों की मनमानी से रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। रेलवे फाटक के पूर्व सड़क किनारे वाहनों के खड़े रहने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। बाजार आने वाले लोगों और ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने नगर परिषद प्रशासन से जाम की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। 6) सहरसा में प्रभारी जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, एकल उपयोग प्लास्टिक उन्मूलन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में स्टेडियम के आसपास जमा कचरे पर चिंता जताते हुए नगर निगम को तत्काल सफाई के निर्देश दिए गए। एकल उपयोग प्लास्टिक पर रोक, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और जल-जीवन-हरियाली अभियान की समीक्षा की गई। होटलों द्वारा तालाबों में कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, अधिक वृक्षारोपण और इको क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। 7) सौर बाजार प्रखंड की सहूरिया पश्चिमी पंचायत में लोहिया स्वच्छ अभियान की हकीकत सवालों के घेरे में है। कचरा प्रबंधन भवन बदहाल पड़ा है और ग्रामीणों ने साफ-सफाई नहीं होने का आरोप लगाया है। सौर बाजार प्रखंड के सहूरिया पश्चिमी पंचायत में लोहिया स्वच्छ अभियान का लाभ धरातल पर नहीं दिख रहा है। आंधी-तूफान में क्षतिग्रस्त कचरा प्रबंधन भवन का महीनों बाद भी मरम्मत नहीं हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के किसी भी वार्ड में नियमित सफाई नहीं हो रही। वार्ड सदस्य ने बताया कि इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। 8) सहरसा के सोनवर्षा राज प्रखंड में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से एक गाय की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और मुआवजे की मांग उठी है। सिररही पंचायत के वार्ड-05 में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार टूटकर जमीन पर गिरा था। इसी दौरान घास चर रही एक गाय करंट की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने जर्जर तारों और झुके पोलों को हादसे का कारण बताते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की। वहीं, पशुपालक ने आर्थिक सहायता की मांग की है। 9) सहरसा प्रधान डाकघर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे पोस्टमास्टर जनरल पवन कुमार सिंह ने प्रशासनिक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मियों को बेहतर ग्राहक सेवा एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। पोस्टमास्टर जनरल पवन कुमार सिंह ने सहरसा प्रधान डाकघर का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली, ग्राहक सेवा और विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने आमजन तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने और व्यवसाय बढ़ाने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस में सहरसा डिवीजन के देशभर में चौथा स्थान हासिल करने पर डिवीजन की टीम और अधीक्षक मनोज कुमार की सराहना की। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय अल्प बचत अभिकर्ता संघ ने उनका स्वागत भी किया। 10) सोनवर्षा राज स्थित महुआ उत्तरवारी पंचायत में नर्मदेश्वर शिवलिंग और भगवान शिव सपरिवार की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुई। बजरंगबली मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नर्मदेश्वर शिवलिंग और भगवान शिव सपरिवार की प्रतिमाओं की स्थापना की गई। 251 कुंवारी कन्याओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। प्राण-प्रतिष्ठा के बाद 48 घंटे के अखंड रामधुनी का शुभारंभ हुआ। इस दौरान प्रतिमा की पालकी पर नाग दिखाई देने से श्रद्धालुओं की आस्था और बढ़ गई। लोगों ने इसे नाग देवता का शुभ आशीर्वाद मानकर पूजा-अर्चना की। 11) सहरसा के आरएम कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय अंतर महाविद्यालयीय मार्शल आर्ट प्रतियोगिता उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।बीएन मंडल विश्वविद्यालय की क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में कराटे और वुशु के मुकाबले हुए। आरएम कॉलेज, सहरसा ने सर्वाधिक पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की। पुरस्कार वितरण समारोह में विश्वविद्यालय अधिकारियों ने खेल प्रतिभाओं को मंच देने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर दिया। विजेता खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।