नई सड़क बनी, लेकिन लोगों की परेशानी कम होने के बजाय बढ़ गई। सहरसा जिले के नवहट्टा नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-1 गोरपाड़ा में विकास कार्यों की हकीकत अब जलजमाव के रूप में सामने आ रही है। महज दो महीने पहले बनी सड़क आज स्थानीय लोगों के लिए सुविधा नहीं, बल्कि मुसीबत का कारण बन गई है। सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी की व्यवस्था नहीं किए जाने से बारिश और घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। कई दिनों तक पानी जमा रहने के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Featured Image

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में लापरवाही बरती गई है। बिना नाला बनाए सड़क बना दी गई, जिसका खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। जलजमाव के कारण आसपास का माहौल खराब हो रहा है और गंदे पानी से दुर्गंध फैल रही है। लोगों को डर है कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ेगा, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों में बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। फूल कुमार झा, मुकेश कुमार झा, नितीश कुमार झा, तेतर दास और अमीरका देवी सहित कई लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द नाला निर्माण कराने की मांग की है, ताकि जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके। वहीं, मामले को लेकर जब वार्ड पार्षद से सवाल किया गया तो उन्होंने इसकी जिम्मेदारी चेयरमैन पर डालते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया। ऐसे में स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल बना हुआ है कि आखिर इस समस्या का जिम्मेदार कौन है और जनता को कब तक इस परेशानी का सामना करना पड़ेगा। विकास के दावों के बीच गोरपाड़ा की यह तस्वीर व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर रही है।