सहरसा में बैटरी दुकान में चोरी, 1 लाख 90 हजार रुपये समेत सामान ले गए चोर सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र के गंगजला गुमटी के समीप स्थित विश्वकर्मा बैटरी दुकान में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने दुकान का एसबेस्टर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कैश काउंटर में रखे करीब 1 लाख 90 हजार रुपये नकद समेत अन्य कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद दुकानदार में दहशत का माहौल है।

Featured Image

जानकारी के अनुसार, गंगजला पंचवटी चौक वार्ड नंबर 15 निवासी अरुण कुमार गुप्ता पिछले करीब 30 वर्षों से गंगजला गुमटी के पास बैटरी की दुकान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात रोज की तरह वह करीब साढ़े दस बजे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। रविवार की सुबह करीब 10:30 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान का एसबेस्टर टूटा हुआ था और कैश काउंटर खुला पड़ा था। जब उन्होंने दुकान की जांच की तो कैश काउंटर में रखे 1 लाख 90 हजार रुपये गायब मिले। इसके अलावा दुकान में रखे अन्य सामान भी चोरी कर लिए गए थे। दुकानदार ने बताया कि दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि रात करीब 12:48 बजे एक चोर दुकान का एसबेस्टर तोड़कर अंदर घुसा। अंदर प्रवेश करते ही चोर ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे को दूसरी तरफ मोड़ दिया, ताकि उसका चेहरा कैमरे में कैद न हो सके। इसके बाद उसने दुकान में रखे पैसे और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गया। घटना की सूचना दुकानदार ने डायल 112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सदर थाना में आवेदन देने को कहा। वहीं सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने में जुटी हुई है। स्थानीय दुकानदारों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है।