नमस्कार, आप देख रहे हैं Saharsa Now। सहरसा और आसपास की 10 बड़ी खबरों में सबसे पहले बात SIR और चुनावी प्रक्रिया को लेकर राजद के प्रदर्शन की। वीर कुंवर सिंह चौक पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया और SIR प्रक्रिया को लेकर मतदाता अधिकार एवं चुनावी पारदर्शिता से जुड़े सवाल उठाए। वहीं, कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ को देखते हुए जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने नवहट्टा और सलखुआ क्षेत्र में पूर्वी कोसी तटबंध सहित संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। प्रशासन की ओर से राहत सामग्री, सामुदायिक रसोई, पेयजल, शौचालय और सूखा राशन जैसी व्यवस्थाओं की तैयारी की गई है।

Featured Image

कोशी स्नातक चुनाव को लेकर राजद की बैठक में समर्थित प्रत्याशी नितेश कुमार यादव की चुनावी तैयारियों और संगठन की सक्रियता पर चर्चा हुई। दूसरी ओर, सलखुआ में पुलिस ने कथित स्मैक तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 306 ग्राम स्मैक, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल बरामद किए गए। सलखुआ में ही फेसबुक पर हथियार के साथ तस्वीर पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने नेहाल कुमार को गिरफ्तार कर देशी रायफल बरामद की। वहीं भाजपा जिला कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर संगोष्ठी आयोजित की गई। सहरसा में बिहार इप्टा के 80वें स्थापना वर्ष पर 2 से 4 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय नाट्योत्सव आयोजित होगा। पितृ पक्ष को लेकर भी ज्योतिषाचार्य पंडित तरुण झा ने श्राद्ध और तर्पण से जुड़ी जानकारी साझा की। इन सबके बीच सहरसा की बेटी आकांक्षा नेहा अब मिसेज यूनिवर्स 2026 के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और यूरोप का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। शिक्षा, वित्त और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में पहचान बनाने वाली आकांक्षा की उपलब्धि सहरसा के लिए चर्चा का विषय बनी हुई है। सहरसा और कोसी क्षेत्र की हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहिए Saharsa Now के साथ।