सिमरी बख्तियारपुर में नशे के खिलाफ ग्रामीणों ने एकजुट होकर बड़ा अभियान शुरू किया है। रविवार की सुबह सहरसा जिले के अलग-अलग इलाकों में ग्रामीणों ने एक साथ जुटकर नशे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और अपने वार्ड को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। सिमरी बख्तियारपुर में चलाए गए इस नशा मुक्ति अभियान के दौरान ग्रामीण हाथों में बैनर लेकर सड़क पर उतरे और नशे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने सुखा नशा समेत अन्य नशीले पदार्थों से युवाओं और समाज के लोगों को दूर रहने की अपील की। उनका कहना है कि नशे की बढ़ती समस्या का सबसे ज्यादा असर युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है, जिससे परिवार और समाज दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

Featured Image

वहीं, सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के डाक बंगला चौराहे पर भी ग्रामीणों ने नशा मुक्ति अभियान के तहत प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने दुकानदारों से हाथ जोड़कर अपील की कि वे समय पर अपनी दुकानें बंद करें और यदि किसी व्यक्ति द्वारा नशीले पदार्थों की बिक्री या सेवन किए जाने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना संबंधित प्रशासन और पुलिस को दें। ग्रामीणों का कहना है कि केवल प्रशासन की कार्रवाई से नशे की समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि समाज के हर व्यक्ति को मिलकर इसके खिलाफ आवाज उठानी होगी। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने अपने वार्ड को नशामुक्त बनाने के साथ-साथ नशामुक्त बिहार बनाने का भी संकल्प लिया। इस Ground Report में देखिए सिमरी बख्तियारपुर में नशे के खिलाफ ग्रामीणों की यह पहल, प्रदर्शन के दौरान क्या संदेश दिया गया और नशे के खिलाफ ग्रामीणों ने क्या अपील की। ग्राउंड जीरो से चन्दन पासवान की खास रिपोर्ट। सहरसा और बिहार की हर बड़ी खबर, Ground Report, Local News और जनसमस्याओं से जुड़ी अपडेट के लिए जुड़े रहिए Saharsa Now के साथ।