सहरसा शहर में सड़क किनारे दुकान लगाने वाले छोटे कारोबारियों और फुटपाथ विक्रेताओं के लिए व्यवस्थित स्ट्रीट वेंडिंग ज़ोन बनाने की मांग जोर पकड़ रही है। इसी मुद्दे को लेकर संजीव झा विचार मंच की ओर से सहरसा नगर निगम के नगर आयुक्त को आवेदन सौंपा गया है। आवेदन में शहर के अलग-अलग प्रमुख स्थानों पर नियोजित तरीके से वेंडिंग ज़ोन विकसित करने की मांग की गई है। मंच का कहना है कि सहरसा शहर में व्यवस्थित वेंडिंग ज़ोन नहीं होने के कारण ठेला लगाने वाले, फुटपाथ दुकानदार और छोटे कारोबारी कई तरह की परेशानियों का सामना करते हैं। दूसरी ओर, सड़क किनारे अनियोजित तरीके से दुकानें लगने के कारण यातायात व्यवस्था और आम लोगों की आवाजाही भी प्रभावित होती है।

Featured Image

आवेदन में पावर ग्रिड के बगल, कचहरी ढाला से व्यवहार न्यायालय तक, कचहरी ढाला से SBI बैंक तक, स्टेडियम के उत्तरी भाग से इंडोर स्टेडियम तक, रविदास चौक से वीर कुंवर सिंह चौक होते हुए P.H.E.D. कार्यालय तक और संत लक्ष्मीनाथ गोसाईं कला भवन से सुपौल मार्केट तक वेंडिंग ज़ोन बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। संजीव झा विचार मंच का कहना है कि अगर इन स्थानों पर व्यवस्थित और नियोजित तरीके से स्ट्रीट वेंडिंग ज़ोन विकसित किए जाते हैं, तो छोटे व्यापारियों को सम्मानजनक तरीके से कारोबार करने के लिए निश्चित स्थान मिल सकता है। साथ ही सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित करने से शहर की यातायात व्यवस्था में भी सुधार हो सकता है। अब सभी की नजर सहरसा नगर निगम की अगली कार्रवाई पर है। देखना होगा कि नगर निगम इस प्रस्ताव पर क्या कदम उठाता है और प्रस्तावित स्थानों पर वेंडिंग ज़ोन विकसित करने को लेकर कोई ठोस पहल होती है या नहीं। इस वीडियो में जानिए सहरसा में स्ट्रीट वेंडिंग ज़ोन की मांग क्यों उठी, किन-किन जगहों पर वेंडिंग ज़ोन बनाने का प्रस्ताव दिया गया है और इससे छोटे कारोबारियों तथा शहर की यातायात व्यवस्था को क्या फायदा हो सकता है।