सहरसा और आसपास के इलाकों से जुड़ी 11 बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों में आज कई अलग-अलग मुद्दे सामने आए हैं। पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाढ़, अतिक्रमण, गौशाला, जन वितरण प्रणाली और कृषि से जुड़ी खबरों ने लोगों का ध्यान खींचा है। सहरसा पुलिस के सिपाही संयोग कुमार सिंह ने बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में ‘Mr. Bihar’ का खिताब जीतकर जिले का नाम रोशन किया। उनकी उपलब्धि पर सहरसा एसपी विक्रम सिहाग ने बधाई दी। वहीं, सहरसा के डीडीसी गौरव कुमार का शिक्षक अवतार भी चर्चा में रहा। जिला गर्ल्स स्कूल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने डिजिटल बोर्ड पर बच्चों को पढ़ाया और

Featured Image

उनकी टेस्ट कॉपियां भी जांचीं। सहरसा में गौशाला की बदहाली और गायों की मौत के आरोप को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। आगजनी के कारण कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। वार्ड नंबर 25 में आगजनी की घटना के बाद नगर निगम प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को आवश्यक सहयोग का भरोसा दिया। सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल में बिजली की समस्या के कारण मरीज और परिजन परेशान हैं। जेनरेटर होने के बावजूद ईंधन की कमी के चलते उसके संचालन पर सवाल उठे हैं। महिषी विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ और कटाव प्रभावित इलाकों का जेडीयू प्रदेश सचिव कौशल्या जायसवाल ने दौरा किया और पुनर्वास तथा नाव की व्यवस्था की मांग उठाई। बनमा ईटहरी के सिद्दीका बालिका उच्च विद्यालय में पटना हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में सात शिक्षकों ने योगदान दिया। वहीं सौर बाजार के पीडीएस गोदाम में डीलरों ने अनलोडिंग के नाम पर कथित तौर पर अतिरिक्त पैसे मांगने का आरोप लगाया है। बलवाहाट में जमीन विवाद को लेकर वृद्धा रेखा देवी ने डीआईजी से न्याय की गुहार लगाई। दूसरी ओर, शहर में छोटे दुकानदारों के लिए व्यवस्थित स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाने की मांग भी उठी है। अंत में, अगवानपुर के क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र में मखाना उत्पादन तकनीक को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें किसानों को आधुनिक खेती और मार्केटिंग की जानकारी दी जा रही है। सहरसा और कोसी क्षेत्र की हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहिए Saharsa Now के साथ।