सहरसा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर लगाई गई तीन ATVM यानी Automatic Ticket Vending Machine में से दो मशीनें कई दिनों से खराब पड़ी हैं। ऐसे में टिकट लेने के लिए काउंटर की लंबी कतार से बचने की उम्मीद लेकर स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब पड़ी दोनों ATVM मशीनें प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास स्थित प्रतीक्षालय में लगी हुई हैं। फिलहाल तीन में से सिर्फ एक मशीन ही चालू है। नतीजा यह है कि चालू मशीन पर भी यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है और कई यात्रियों को मजबूरी में UTS काउंटर की लंबी लाइन में लगना पड़ रहा है।

Featured Image

यात्रियों का कहना है कि अगर टिकट वेंडिंग मशीनें नियमित रूप से काम नहीं करेंगी, तो इन्हें लगाने का उद्देश्य ही अधूरा रह जाएगा। यात्रियों ने खराब मशीनों को जल्द से जल्द ठीक कराने और स्टेशन पर टिकट व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है। इसी बीच यात्रियों की परेशानी का एक और कारण कोसी एक्सप्रेस के परिचालन में बदलाव भी बताया जा रहा है। पूर्णिया कोर्ट से सहरसा होकर हटिया जाने वाली कोसी एक्सप्रेस पिछले कुछ दिनों से निर्धारित रूट से अलग चल रही है। बख्तियारपुर केबिन के पास ट्रेन का रूट डायवर्ट किए जाने की बात सामने आई है। सोमवार को भी कोसी एक्सप्रेस करीब एक घंटे 11 मिनट की देरी से पूर्णिया कोर्ट से रवाना हुई। यानी एक तरफ टिकट लेने के लिए यात्रियों को लंबी कतार और खराब ATVM मशीनों की समस्या झेलनी पड़ रही है, तो दूसरी तरफ ट्रेन के परिचालन में बदलाव और देरी से भी उनकी मुश्किलें बढ़ रही हैं। अब सवाल है कि तीन में से दो ATVM मशीनें कई दिनों से खराब क्यों हैं और इन्हें ठीक कराने में देरी क्यों हो रही है? यात्रियों को उम्मीद है कि रेल प्रशासन जल्द इस समस्या का समाधान करेगा। सहरसा रेलवे स्टेशन की हर बड़ी खबर और ग्राउंड रिपोर्ट के लिए जुड़े रहिए Saharsa Now के साथ।