हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा सिमरी बख्तियारपुर। मुंगेर के छर्रा पट्टी गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर निकले हजारों श्रद्धालुओं का जत्था 216 फीट की विशाल कांवर के साथ सिमरी बख्तियारपुर पहुंचा। इस आस्था की यात्रा में डाक बम, कांवर बम के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे। श्रद्धालुओं ने गंगा घाट पर पवित्र स्नान कर 216 फीट लंबी विशाल कांवर पर बने आकर्षक मंदिरों और शिवलिंगों पर गंगाजल अर्पित किया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मानसी, खगड़िया और बेगूसराय होते हुए श्रद्धालुओं का यह जत्था सिमरी बख्तियारपुर पहुंचा। श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम के लिए उच्च विद्यालय परिसर में विशेष व्यवस्था की गई। इस दौरान भास्कर म्यूजिकल ग्रुप की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

Featured Image

का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक संजय कुमार सिंह, पूर्व विधायक डॉ. अरुण कुमार यादव, सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन और पूर्व मुखिया ललन यादव सहित जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में गणेश वंदना के बाद शिव-पार्वती और श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं। नृत्य और संगीत की शानदार प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते नजर आए। वहीं, विधि-विधान से महाआरती का आयोजन भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। डाक कांवरियों की सुविधा के लिए बोल बम सेवा समिति ने गर्म पानी, दर्द निवारक स्प्रे, ठंडा तेल और मेडिकल टीम की व्यवस्था की। सुरक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस बल भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। अब 216 फीट की विशाल कांवर बाबा मटेश्वर धाम की ओर बढ़ चुकी है, जहां श्रद्धालु भोलेनाथ पर पवित्र गंगाजल अर्पित करेंगे।