सहरसा में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात विभाग ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। गुरुवार की दोपहर सहरसा हवाई अड्डा के समीप चलाए गए इस अभियान के दौरान सड़क से गुजरने वाले दर्जनों वाहनों को रोककर उनके कागजात और यातायात नियमों के पालन की जांच की गई। जांच के दौरान जिन वाहन चालकों ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटा गया। जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान अब तक करीब 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है। यातायात विभाग की टीम ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने और सड़क पर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की जानकारी भी दी।

Featured Image

अधिकारियों ने खास तौर पर दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, जबकि चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की अपील की। इसके साथ ही वाहन चलाते समय जरूरी कागजात रखने और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। यातायात विभाग का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस तरह के चेकिंग और जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाएगी। इस वीडियो में देखिए सहरसा हवाई अड्डा के समीप चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान की पूरी तस्वीर, कितने वाहनों की हुई जांच और नियम तोड़ने वालों पर किस तरह की कार्रवाई की गई।