सुपौल जिले के गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पर रेल समस्याओं और यात्री सुविधाओं की कथित उपेक्षा के खिलाफ युवा कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार को आयोजित इस एक दिवसीय प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और रेल यात्री शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने किया। प्रदर्शन के दौरान रेल मंत्री के नाम छह सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि गढ़ बरूआरी और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जिसके कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

Featured Image

युवा कांग्रेस की प्रमुख मांगों में वैशाली एक्सप्रेस और जोगबनी-सहरसा एक्सप्रेस का गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पर ठहराव शामिल है। इसके अलावा हाट बाजार एक्सप्रेस का परिचालन सुपौल से शुरू करने और पुरवइया एक्सप्रेस का परिचालन ललितग्राम, सरायगढ़ या सुपौल से कराने की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने रात के समय पटना के लिए ट्रेन चलाने की मांग भी रखी, ताकि सुपौल जिले के यात्रियों को राजधानी पटना आने-जाने में सुविधा मिल सके। इसके साथ ही गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की गई। युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान रेल सुविधाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। अब देखना होगा कि रेलवे और रेल मंत्रालय इन मांगों पर क्या कदम उठाता है और गढ़ बरूआरी के यात्रियों को कब तक बेहतर सुविधाएं मिल पाती हैं।