सुपौल सदर प्रखंड के घूरन पंचायत में कोसी नदी का कटाव एक बार फिर ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज कटाव के कारण कई इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हालात इतने गंभीर बताए जा रहे हैं कि नदी किनारे रहने वाले परिवार अपने आशियाने बचाने के लिए कच्चे मकानों के साथ-साथ पक्के मकानों को भी तोड़कर सुरक्षित स्थानों और बांध की ओर जाने को मजबूर हैं। कोसी नदी के लगातार हो रहे कटाव से ग्रामीणों के सामने घर और जमीन बचाने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कटावरोधी कार्य नहीं कराया गया, तो बड़ी संख्या में मकान और कीमती जमीन नदी की धारा में समा सकती है। प्रभावित परिवारों के सामने सुरक्षित ठिकाने और भविष्य की चिंता भी

Featured Image

लगातार बढ़ती जा रही है। कटाव की रोकथाम और प्रभावित परिवारों के उचित पुनर्वास की मांग को लेकर मंगलवार को जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व सुपौल विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मिन्नत रहमानी ने किया। बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कटावरोधी कार्य शुरू कराने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की। इस धरना-प्रदर्शन को बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने भी समर्थन दिया। प्रदर्शन के बाद मिन्नत रहमानी और डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को क्षेत्र में कटाव की गंभीर स्थिति से अवगत कराते हुए जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र कदम नहीं उठाया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है। इस Ground Report में देखिए सुपौल के घूरन पंचायत में कोसी नदी के कटाव की जमीनी हकीकत और प्रभावित परिवारों का दर्द।