सहरसा के रमेश झा महिला कॉलेज के सामने पिछले कई दिनों से जमा मिट्टी का ढेर आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ था। सड़क किनारे बड़ी मात्रा में मिट्टी गिराए जाने के बाद लोग यह जानना चाहते थे कि आखिर यहां मिट्टी क्यों जमा की जा रही है और इसके पीछे नगर निगम की क्या योजना है। अब नगर आयुक्त प्रभात झा ने इस पूरे मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। जानकारी के अनुसार, रमेश झा महिला कॉलेज से सदर अस्पताल की ओर जाने वाली सड़क के किनारे भी मिट्टी का ढेर गिराया गया है। फिलहाल इस मिट्टी को धीरे-धीरे व्यवस्थित तरीके से फैलाने का काम किया जा रहा है। नगर निगम की ओर से इलाके की साफ-सफाई और जगह को व्यवस्थित करने की तैयारी चल रही है।

Featured Image

नगर आयुक्त ने बताया कि इस स्थान पर पहले लोग जगह-जगह कचरा फेंकते थे। आसपास के कई लोग यहां आकर अपना कचरा डाल देते थे, जिससे इलाके में गंदगी की समस्या बनी रहती थी। इसी समस्या को दूर करने और जगह को बेहतर तरीके से विकसित करने के उद्देश्य से यहां मिट्टी डाली गई है। नगर निगम की योजना सिर्फ सफाई तक सीमित नहीं है। भविष्य में इस स्थान को व्यवस्थित कर यहां पार्क और वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है। अगर योजना जमीन पर उतरती है तो इससे इलाके की तस्वीर बदल सकती है और स्थानीय लोगों को साफ-सुथरा सार्वजनिक स्थान मिलने के साथ छोटे दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडर्स के लिए भी व्यवस्थित जगह उपलब्ध हो सकती है। फिलहाल मिट्टी डालने और उसे फैलाने के साथ साफ-सफाई की तैयारी की जा रही है। अब लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि पार्क और वेंडिंग जोन की योजना कब तक आकार लेती है और इस जगह का विकास किस तरह किया जाता है। सहरसा से नितिन सिंह की रिपोर्ट।