सुपौल सदर प्रखंड के घूरन पंचायत में कोसी नदी एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखा रही है। नदी की तेज धारा के कारण लगातार हो रहे कटाव से किसानों की कई एकड़ उपजाऊ जमीन कोसी की धारा में समा चुकी है। कटाव की रफ्तार अगर इसी तरह जारी रही तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका है। घूरन पंचायत के वार्ड नंबर छह में रहने वाले ग्रामीणों की चिंता सबसे ज्यादा बढ़ गई है। कटाव अब धीरे-धीरे आबादी की ओर बढ़ रहा है, जिससे घरों पर भी खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीणों के बीच डर और चिंता का माहौल बना हुआ है। लोगों को आशंका है कि समय रहते सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए तो कई परिवारों को विस्थापन का सामना करना पड़ सकता है।

Featured Image

कटाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए पंचायत के मुखिया अबू नसर ने संबंधित विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और फ्लड फाइटिंग का काम शुरू कराया। प्रशासन की ओर से नदी के कटाव को रोकने के लिए सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में कटाव हो रहा है, जबकि विभाग की ओर से केवल पांच सौ मीटर हिस्से में ही सुरक्षा कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जिन स्थानों पर कटाव की रफ्तार सबसे अधिक है, वहां पर्याप्त काम नहीं होने से नदी लगातार जमीन को अपने आगोश में ले रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे कटाव प्रभावित क्षेत्र में युद्धस्तर पर फ्लड फाइटिंग का काम कराया जाए और आबादी को बचाने के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की जाए। पंचायत समिति सदस्य अनवर अली ने भी ग्रामीणों की चिंता को गंभीर बताते हुए जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।