देश आजादी की 80वीं वर्षगांठ मना रहा है। इसी अवसर पर सुपौल के ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जिलाधिकारी सावन कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। झंडोत्तोलन से पहले जिलाधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक सारथ आर.एस. ने परेड का निरीक्षण किया। परेड निरीक्षण के बाद विधिवत झंडोत्तोलन किया गया। तिरंगा फहराते ही पूरा गांधी मैदान राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा। समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Featured Image

अपने संबोधन में जिलाधिकारी सावन कुमार ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है कि 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ। आजादी के समय भारत के सामने गरीबी, अशिक्षा और बेरोजगारी जैसी कई गंभीर चुनौतियां थीं, लेकिन पिछले 80 वर्षों में देश ने इन चुनौतियों का सामना करते हुए विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। जिलाधिकारी ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत गांवों और मोहल्लों तक सड़क, बिजली और स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्वच्छ और सुंदर सुपौल के निर्माण के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील की। समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मियों और अन्य लोगों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, भाईचारे और जिले के विकास के संकल्प के साथ हुआ। सुपौल से अख्तरुल इस्लाम की रिपोर्ट।