सहरसा की 13 बड़ी खबरें | दिनभर का हाल सहरसा नगर निगम के सफाई कर्मी अपनी पुरानी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। सैकड़ों कर्मियों ने निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। कर्मियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।

Featured Image

सिमरी बख्तियारपुर के सरडीहा पंचायत में फूड पॉइजनिंग की घटना के चौथे दिन हालात सामान्य होने लगे हैं। दो दिनों में 190 मरीजों का इलाज किया गया। एसडीओ आलोक राय ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना। गांव में मेडिकल टीम कैंप कर रही है और दो एंबुलेंस लगातार सेवा में हैं। वहीं, प्रसिद्ध बाबा मटेश्वर धाम में प्राचीन शिवलिंग के संरक्षण के लिए अष्टधातु का विशेष कवर तैयार हो गया है। बनारस से आए कारीगरों ने इसकी फिटिंग और फिनिशिंग का परीक्षण किया। सावन के बाद शुभ मुहूर्त में इसे विधिवत स्थापित किया जाएगा। सावन की दूसरी सोमवारी को बाबा मटेश्वर धाम में डाकबमों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। गोरगामा ढाला पर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर जाम से निपटने के निर्देश दिए गए हैं। सहरसा में 58 वर्षों बाद अखिल भारतीय रौनियार वैश्य महासभा का जिला स्तरीय महासम्मेलन हुआ। समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और संगठन मजबूत करने पर जोर दिया गया। इधर, पृथक मिथिला राज्य की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने 41 सूत्री मांगों को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। सौरबाजार के चन्दौर पूर्वी में करीब 26 वर्षीय महिला का फंदे से लटका शव मिला। पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच शुरू कर दी है। पर्यावरण संरक्षण को लेकर श्री नारायण फाउंडेशन की ट्रस्टी स्वाती सिंह ने पौधारोपण अभियान चलाया। वहीं, प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में योग साधक प्रभाकर गुरुजी को सम्मानित किया गया। महिषी प्रखंड के दिलीप पासवान को लोजपा (रा) एससी/एसटी प्रकोष्ठ का सहरसा जिलाध्यक्ष बनाया गया है। सहरसा के सीटीसी में बीईपीसी का छह दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ, जिसमें करीब 200 शिक्षकों ने प्रशिक्षण लिया। सौर बाजार के अजगेबा पंचायत में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। वहीं, जागीर गांव में दुसाध उत्थान परिषद की बैठक में नशा, बाल विवाह और शिक्षा की कमी जैसी सामाजिक समस्याओं पर चर्चा की गई।