सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बीना पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित बिन्दीटोल में देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया और करीब पांच लाख रुपये के जेवरात समेत कई कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की वारदात सुधीर यादव के घर में हुई। घटना के समय उनकी बेटी घर में बैठकर पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के दौरान उसे नींद आ गई और वह सो गई। इसी दौरान चोर घर में दाखिल हुए और बक्से में रखे जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

Featured Image

सुबह जब सुधीर यादव की बेटी की नींद खुली, तो उसने घर का सामान अस्त-व्यस्त देखा। बक्से की जांच करने पर कई कीमती सामान और जेवरात गायब मिले। इसके बाद उसने तुरंत परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। इस दौरान घर से कुछ दूरी पर स्थित एक आम के बगीचे में कई सामान बिखरे हुए मिले। सुधीर यादव ने मौके पर पहुंचकर सामान की पहचान की, जिसके बाद चोरी की पूरी घटना का खुलासा हुआ। बताया जा रहा है कि सुधीर यादव की बेटी की कुछ दिन पहले ही शादी हुई थी। वह परीक्षा देने के लिए अपने मायके आई थी और शादी के दौरान मिले सभी जेवरात भी अपने साथ लेकर आई थी। रात में पढ़ाई करते समय उसने जेवर बक्से में रख दिए थे। परिजनों के मुताबिक चोरी हुए जेवरात की कीमत करीब पांच लाख रुपये है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस चोरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। सदर थाना अध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सुपौल से अख्तरुल इस्लाम की रिपोर्ट।