सहरसा की 12 बड़ी खबरें सहरसा नगर निगम की साधारण बोर्ड बैठक में शहर की जल-जमाव, नाला क्षति, सफाई, स्ट्रीट लाइट और विकास योजनाओं पर चर्चा हुई। महापौर बैन प्रिया ने जल निकासी की समस्या वाले स्थानों को चिह्नित कर तत्काल समाधान के निर्देश दिए। कई जनहित प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी मिली।

Featured Image

सिमरी बख्तियारपुर के सरडीहा गांव में सत्यनारायण पूजा का प्रसाद खाने के बाद 100 से अधिक लोगों के बीमार होने की सूचना है। उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद मेडिकल टीम ने गांव पहुंचकर उपचार शुरू किया। सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने तीन महीने से वेतन नहीं मिलने और आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध नहीं कराने के विरोध में प्रदर्शन किया। मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए रेल थानों में महिला पुलिस दीदी टीम गठित की गई है। टीम ने स्कूलों और रेलवे कॉलोनी में जागरूकता अभियान चलाकर बाल श्रम, नशाखुरानी और अन्य खतरों से सतर्क रहने की अपील की। हर घर तिरंगा अभियान के तहत सहरसा में जीविका दीदियां 40 हजार राष्ट्रीय ध्वज तैयार कर रही हैं। अभियान 9 से 17 अगस्त तक चलेगा। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के बीच करीब 97.75 लाख रुपये के सहायक उपकरण वितरित किए गए। वहीं, संत रविदास की 650वीं जयंती को लेकर काशी से गंगाजल और मिट्टी का कलश सहरसा पहुंचा। सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वाले राहवीरों को 15 अगस्त पर सम्मानित किया जाएगा और पात्र लोगों को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। सोनवर्षा राज के भसती मध्य विद्यालय में छात्रों की कम उपस्थिति, मध्याह्न भोजन, पेयजल और शौचालय व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए और जांच की मांग की। सौर बाजार में कुचेहिया नदी में उफान से किसानों के खेतों में पानी भर गया और धान की फसल प्रभावित हुई। ग्रामीणों ने नदी से गाद हटाने की मांग की। नौहट्टा में सड़क हादसे में दो बच्चे घायल हुए, जिनमें एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं नवहट्टा के बिरजाईन गांव में कोसी कटाव से कई घर नदी में समा चुके हैं और सात पंचायतों का संपर्क प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से समय रहते ठोस कदम उठाने की मांग की है।