बारिश के बाद कोशी नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। इसके चलते सहरसा जिले के डरहार थाना क्षेत्र के कई गांवों का मुख्य सड़क से संपर्क टूट गया है। लगातार बढ़ते जलस्तर और तेज कटाव ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। कई स्थानों पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में सरकारी स्कूल भी शामिल है। कोशी नदी के कटाव ने स्कूल परिसर को अपनी चपेट में ले लिया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो

Featured Image

गई है। स्थिति ऐसी बन गई है कि अब छात्र-छात्राओं की कक्षाएं अस्थायी झोपड़ी में संचालित की जा रही हैं। सीमित संसाधनों के बीच शिक्षक बच्चों की पढ़ाई जारी रखने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभिभावकों और ग्रामीणों में भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में कोशी नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ और कटाव की समस्या विकराल रूप ले लेती है। कई परिवारों की खेती योग्य जमीन पहले ही नदी में समा चुकी है और अब घरों तथा सार्वजनिक संस्थानों पर भी खतरा मंडरा रहा है। लोगों का कहना है कि वे हर पल डर के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कटावरोधी कार्य, सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था और प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। फिलहाल प्रशासन की ओर से हालात पर नजर रखी जा रही है, लेकिन ग्रामीण जल्द ठोस कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं। बढ़ते जलस्तर और कटाव के बीच पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। देखिए हमारे संवाददाता ईश्वर लाल की ग्राउंड रिपोर्ट।