सुपौल: पथरा चौक पर भीषण सड़क हादसा, युवक की मौत, महिला और बच्चा गंभीर सुपौल जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पथरा चौक के समीप बाइक और पुष्प विमान बस की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और आठ वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सोमवार को हुए इस हादसे में बाइक सवार परवेज आलम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार सुबेदा खातून और उनका आठ वर्षीय पुत्र अलीशेर गंभीर रूप से

Featured Image

घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, परवेज आलम बाइक से सुबेदा खातून और उनके बेटे को चैनसिंह पट्टी से कटैया माहे लेकर जा रहे थे। इसी दौरान पथरा चौक के पास सामने से आ रही पुष्प विमान बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि परवेज आलम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।बाइक हादसा मृतक परवेज आलम सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के सिहपुर गांव के निवासी थे। परिजनों के अनुसार उनकी शादी महज एक महीने पहले हुई थी। विवाह के कुछ ही सप्ताह बाद हुई इस दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। फरार बस और उसके चालक की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सुपौल से अख्तरुल इस्लाम की रिपोर्ट।