सहरसा एयरपोर्ट आखिर कब भरेगी उड़ान? Saharsa Now की ग्राउंड रिपोर्ट में काम दिखा शून्य, वर्षों बाद भी निर्माण शुरू होने का इंतजार सहरसा: कोसी क्षेत्र के लाखों लोगों का सपना सहरसा एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू होने का है। वर्षों से इस परियोजना को लेकर घोषणाएं होती रही हैं। हाल के महीनों में एयरपोर्ट के अपग्रेडेशन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और निर्माण एजेंसी के चयन की खबरों ने लोगों की उम्मीदें बढ़ा दीं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने इस परियोजना के लिए करीब ₹35.14 करोड़ की लागत से टर्मिनल भवन, एटीसी टावर, फायर स्टेशन और अन्य आवश्यक भवनों के निर्माण की योजना बनाई है। परियोजना को पूरा करने के लिए 450 दिनों (करीब 15 महीने) का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Featured Image

लेकिन जब Saharsa Now की टीम एयरपोर्ट परिसर पहुंची, तो जमीनी हकीकत सरकारी दावों से अलग नजर आई। ग्राउंड रिपोर्ट में क्या दिखा? टीम ने एयरपोर्ट परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। मौके पर न तो निर्माण कार्य चलता दिखा, न भारी मशीनें दिखाई दीं और न ही श्रमिकों की गतिविधि नजर आई। पूरा परिसर पहले की तरह शांत दिखा। इससे स्थानीय लोगों के मन में यह सवाल और गहरा हो गया कि आखिर निर्माण कार्य वास्तव में कब शुरू होगा। टेंडर पूरा, लेकिन जमीन पर काम कब? सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार एयरपोर्ट अपग्रेडेशन की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। परियोजना के तहत आधुनिक टर्मिनल भवन, प्री-इंजीनियर्ड एटीसी टावर, फायर स्टेशन और अन्य बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाना है। हालांकि, Saharsa Now के ग्राउंड विजिट के समय तक मौके पर निर्माण कार्य शुरू होता नहीं दिखा। कोसी क्षेत्र की बड़ी उम्मीद सहरसा एयरपोर्ट शुरू होने से कोसी और सीमांचल के लाखों लोगों को पटना या दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भी इस एयरपोर्ट की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है। सबसे बड़ा सवाल अब लोगों की नजर सिर्फ घोषणाओं पर नहीं, बल्कि जमीन पर काम शुरू होने पर है। सवाल यही है कि टेंडर और एजेंसी चयन के बाद भी निर्माण कार्य कब शुरू होगा? और सहरसा एयरपोर्ट से पहली उड़ान आखिर कब भरेगी? Saharsa Now इस परियोजना से जुड़े हर अपडेट और ग्राउंड रिपोर्ट के जरिए आपको लगातार वास्तविक स्थिति से अवगत कराता रहेगा।