सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की पहचान मानी जाती हैं, लेकिन जब यही सड़कें लोगों के लिए परेशानी और हादसों का कारण बनने लगें तो ग्रामीणों का आक्रोश सामने आना स्वाभाविक है। ऐसा ही मामला सहरसा जिले के पतरघट प्रखंड से सामने आया है, जहां सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। मामला पतरघट-अतलखा मुख्य मार्ग से तिलाठी जाने वाली सड़क का है। ग्रामीणों के अनुसार, यह सड़क पिछले करीब तीन वर्षों से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी जमा हो गया है, जिससे राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने गड्ढों में

Featured Image

धान की रोपनी कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। बारिश के मौसम में इस सड़क से गुजरना लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, खराब सड़क के कारण कई बाइक सवार और ई-रिक्शा चालक दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति से आम लोगों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि अब सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीन पर जल्द काम शुरू होना चाहिए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत या निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे अपने आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे। सहरसा के पतरघट से सामने आई यह तस्वीर विकास के दावों पर सवाल खड़े करती है। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की समस्या का समाधान कब तक करता है।