कोसी क्षेत्र के लाखों यात्रियों के लिए रेलवे से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पटना से सहरसा के बीच रात के समय सफर करने वाले यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने की उम्मीद जगी है। करीब 21 साल के लंबे इंतजार के बाद दानापुर–सहरसा के बीच पहली रात्रिकालीन ट्रेन शुरू होने की संभावना है। पूर्व मध्य रेल ने दानापुर से सहरसा के लिए नई नाइट ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार कर रेलवे बोर्ड और रेल मंत्रालय को भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित की जा सकती है। इससे पटना और कोसी क्षेत्र के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Featured Image

प्रस्तावित समय सारणी के अनुसार, ट्रेन रात करीब 11:30 बजे दानापुर से रवाना होगी और सुबह लगभग 6 बजे सहरसा पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन सुबह 7:30 बजे सहरसा से खुलेगी और दोपहर करीब 2:25 बजे दानापुर पहुंचेगी। इससे यात्रियों को रात में यात्रा कर सुबह अपने गंतव्य तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा। इस ट्रेन का ठहराव पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया और मानसी जैसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर प्रस्तावित किया गया है। इससे सहरसा के साथ-साथ सुपौल, मधेपुरा, खगड़िया और बेगूसराय जिले के यात्रियों को भी लाभ मिलने की संभावना है। रेलवे ने इस ट्रेन के संचालन के लिए सहरसा वाशिंग पिट में प्राथमिक रखरखाव की व्यवस्था करने और एक रैक उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी रखा है। हालांकि, ट्रेन शुरू होने से पहले कुछ तकनीकी और परिचालन संबंधी मंजूरियां जरूरी होंगी। बंगाली बाजार रेलवे फाटक से जुड़ा मुद्दा भी इस प्रक्रिया में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि रेलवे बोर्ड और रेल मंत्रालय से मंजूरी मिल जाती है, तो यह पटना और सहरसा के बीच चलने वाली पहली रात्रिकालीन ट्रेन होगी। कोसी क्षेत्र के लोग अब इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसले का इंतजार कर रहे हैं।