सुपौल में शनिवार को वीरांगना स्वर्गीय फूलन देवी का शहादत दिवस श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ मनाया गया। शहीद जुब्बा सहनी जागरुकता मंच के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन सुपौल नगर परिषद स्थित मुखिया मार्बल कार्यालय में किया गया, जहां सबसे पहले स्वर्गीय फूलन देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहीद जुब्बा सहनी जागरुकता मंच के अध्यक्ष नितीश कुमार मुखिया ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि फूलन देवी का जीवन संघर्ष, आत्मसम्मान और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया और

Featured Image

महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने की प्रेरणा दी। समाज को उनके जीवन से सीख लेते हुए महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी महिला शिक्षा, सुरक्षा, सामाजिक भागीदारी और समान अधिकारों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराना तथा महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने इस बात पर बल दिया कि महिला सशक्तिकरण के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। इस अवसर पर लक्ष्मण मुखिया, फूदो मुखिया, प्रमोद यादव, इरफान बिहारी, विजय यादव, कृष्ण कुमार, संजीव शाह और चंदन चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय फूलन देवी के व्यक्तित्व और संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए महिला सम्मान, सामाजिक समानता और न्याय के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।