सहरसा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में स्मैक जैसा मादक पदार्थ, कोडीनयुक्त कफ सिरप की बड़ी खेप और नकद रुपये बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में चल रहे नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को बैजनाथपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महिषरिया वार्ड संख्या-12 स्थित एक किराना दुकान की आड़ में स्मैक की बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 83.81

Featured Image

ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ, 300 एमएल की 300 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए। बरामद सभी सामान को पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा-50 के तहत जब्त कर लिया है। वहीं, मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान मो. हजरत, निवासी महिषरिया वार्ड संख्या-12, थाना बैजनाथपुर, जिला सहरसा के रूप में हुई है। इस मामले में बैजनाथपुर थाना कांड संख्या 120/26 दर्ज कर लिया गया है और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस अभियान में बैजनाथपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष, पुलिस पदाधिकारी, जिला आसूचना इकाई की टीम और सशस्त्र बल के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशीले पदार्थों के इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। सहरसा पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।