पहली खबर सहरसा शहर से... रिफ्यूजी चौक स्थित मछली बाजार में शनिवार को ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। जमीन विवाद को लेकर सरफराज ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर जेसीबी से निर्माण तोड़ा जा रहा था और विरोध करने पर फायरिंग की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, कई खोखे बरामद किए और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Featured Image

दूसरी खबर लक्ष्मीनिया चौक पर जलजमाव और गहरे गड्ढों से परेशान युवाओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी के बाद अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर सड़क मरम्मत शुरू कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि समय पर काम नहीं हुआ तो आंदोलन फिर शुरू होगा। तीसरी खबर पंचवटी चौक स्थित एक निजी विद्यालय में शनिवार सुबह बड़ी चोरी हुई। चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे, सीसीटीवी के तार काटे और करीब 1.42 लाख रुपये, लैपटॉप तथा हार्ड डिस्क लेकर फरार हो गए। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और जांच जारी है। चौथी खबर सांसद दिनेश चंद्र यादव को आज कोसी रत्न सम्मान-2026 से सम्मानित किया जाएगा। डीबी रोड स्थित निजी रिसोर्ट में आयोजित समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कोसी क्षेत्र के विकास में योगदान के लिए उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा। पांचवीं खबर सोनवर्षा राज प्रखंड के अतलखा पंचायत में 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन तार से निकली चिंगारी की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्र नीरज कुमार की मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजा और जर्जर तार बदलने की मांग की है। छठी खबर नवहट्टा प्रखंड के नारायणपुर गांव में करोड़ों रुपये की लागत से बना कटाव निरोधक कार्य क्षतिग्रस्त होने के बाद ग्रामीणों ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। सातवीं खबर जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने राष्ट्रीय राजमार्ग 107 और 327E के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, अतिक्रमण हटाने और उपयोगिताओं के स्थानांतरण जैसे लंबित मामलों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सके। आठवीं खबर सौर बाजार कृषि भवन में आयोजित बैठक में किसानों के लिए नई व्यवस्था की जानकारी दी गई। अब ऑनलाइन पंजीकरण के आधार पर किसानों को सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों ने खाद की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। नौवीं खबर समस्तीपुर रेल मंडल में ऑल इंडिया ओबीसी रेलवे एम्पलाई एसोसिएशन की बैठक में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं पर चर्चा हुई। मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। दसवीं खबर समाहरणालय में सात निश्चय योजनाओं की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से योजनाओं को पूरा करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ग्यारहवीं खबर सौर बाजार की चंदौर पूर्वी पंचायत में वर्षों से खराब सड़क से परेशान युवाओं ने सरकारी मदद का इंतजार छोड़ खुद ही सड़क की मरम्मत शुरू कर दी। ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की मांग की है। बारहवीं खबर टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के 114 हाई-रिस्क गांवों में विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया। अब तक 1 लाख 62 हजार 691 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है और 29 टीबी मरीजों की पुष्टि हुई है। तेरहवीं और अंतिम खबर सौर बाजार के भगवानपुर गांव में निर्माणाधीन SFC गोदाम की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। बीडीओ और जूनियर इंजीनियर ने स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।